मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अशोकनगर जिले में कल (रविवार) बिजली कटौती की घोषणा की है। यह कटौती दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक, कुल चार घंटे के लिए होगी। इसका कारण 220 केवी ट्रांसमिशन उपकेन्द्र अशोकनगर और 132 केवी कोठिया (शाढौरा) उपकेन्द्रों में अधोसंरचना विस्तार और रखरखाव कार्य है। इस दौरान 220 केवी ट्रांसमिशन उपकेन्द्र अशोकनगर से निकलने वाले 33 केवी फीडर अथाई खेड़ा, कोलुआ, अशोकनगर जिला मुख्यालय (पूरा शहर), शाढौरा, तूमैन, महिदपुर, इमला, खजूरिया, सेजी, सेमराहाट और ईसागढ़ प्रभावित रहेंगे। इसके अतिरिक्त, 132 केवी कोठिया उपकेन्द्र से निकलने वाले 33 केवी सेजी, मगराना, चकचिरौली और 33 केवी हिनोतिया फीडर से संबंधित सभी 33/11 केवी उपकेन्द्रों पर भी विद्युत प्रदाय बाधित रहेगा। इसमें संपूर्ण अशोकनगर तहसील (शहरी और ग्रामीण क्षेत्र) और संपूर्ण शाढौरा तहसील (शहरी और ग्रामीण क्षेत्र) शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि कार्य की आवश्यकतानुसार शटडाउन की अवधि को घटाया या बढ़ाया जा सकता है। मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।


