CG Corruption News: भ्रष्टाचार पर ACB का प्रहार, 90 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया फूड इंस्पेक्टर

CG Corruption News: भ्रष्टाचार पर ACB का प्रहार, 90 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया फूड इंस्पेक्टर

CG Corruption News: आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की ट्रैप कार्रवाई के तहत बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र में पदस्थ फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की चौथी कड़ी बताई जा रही है।

CG Corruption News: एसीबी ने ऐसे बिछाया था जाल

जानकारी के अनुसार, ग्राम विद्याडीह के निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गांव की शासकीय उचित मूल्य दुकान को शैल स्व सहायता समूह के नाम आवंटित कराने के लिए आवेदन एसडीएम मस्तूरी कार्यालय में पहले से लंबित था। आरोप है कि फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने आदेश जारी कराने के बदले 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत प्रार्थी द्वारा 90 हजार रुपये दिए जाते ही महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित आरोपी के आवास पर टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके कब्जे से पूरी रकम बरामद कर ली गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही उसके निवास पर तलाशी अभियान भी जारी है।

CG Corruption News: भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी

गौरतलब है कि इस वर्ष एसीबी बिलासपुर पहले ही तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी और सीएसपीडीसीएल से जुड़े अधिकारियों पर ट्रैप कार्रवाई कर चुकी है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत एसीबी को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। एसीबी का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वाले लोकसेवकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *