उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन का विरोध किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पटेल नगर चौराहे पर राहुल गांधी का पुतला फूंका और कांग्रेसियों के खिलाफ देशद्रोह की कार्यवाही की मांग की। भाजयुमो जिलाध्यक्ष मधुराज विश्वकर्मा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और भविष्य की तकनीक में वैश्विक नेतृत्व कर रहा है, तब कांग्रेस पार्टी अपनी संकुचित राजनीति के लिए देश की साख पर हमला कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रदर्शन कर न केवल मर्यादा लांघी, बल्कि विदेशी मेहमानों के सामने भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। विश्वकर्मा ने राहुल गांधी के बयान को उनकी हताशा बताया, जिसमें उन्होंने समिट को ‘पीआर तमाशा’ कहा था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत की प्रगति को पचा नहीं पा रहे हैं और विदेशी या घरेलू मंचों पर हमेशा भारत विरोधी नैरेटिव को हवा देते हैं। उन्होंने डेटा सुरक्षा और चीनी उत्पादों के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रम को निराधार बताया, और कहा कि यह समिट आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया की सफलता का प्रमाण है। भाजयुमो ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम स्थल में फर्जी तरीके से प्रवेश को एक गंभीर सुरक्षा चूक का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और ऐसे अराजक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। संगठन ने देश की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे संगठनों और कार्यकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की, ताकि भविष्य के सरकारी और अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में ऐसी घटनाएं न हों। इस विरोध प्रदर्शन में जिला महामंत्री प्रसून तिवारी, जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, आलोक सिंह, गौरव गुप्ता, अभिषेक सैनी, रोहित अवस्थी, सचिन विश्वकर्मा, आर्यन गुप्ता, तनिष्क, हर्षित पांडे, दीपक कश्यप, प्रवीण चौरसिया, विमलेश पाल, अरुण शुक्ला, आशीष, आयुष चौधरी, प्रखर, राघव गुप्ता, राज दीक्षित, रितिक ठाकुर, शिवम पांडे और अमन गुप्ता सहित कई युवा साथी मौजूद रहे।


