सुल्तानपुर जिले के कादीपुर थाना क्षेत्र में एक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी लाइसेंसी राइफल से कई राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। यह घटना कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के बिजेथुआ निवासी सचिन मोदनवाल के भतीजे के बरही कार्यक्रम में हुई। सचिन मोदनवाल पुत्र मुन्ना मोदनवाल पर अपनी लाइसेंसी राइफल से खुलेआम कई राउंड फायरिंग करने का आरोप है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताबड़तोड़ फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस संदर्भ में सीओ विनय गौतम ने बताया कि सचिन मोदनवाल पुत्र मुन्ना लाल मोदनवाल का वीडियो मिला जिसमें वो रिपीटर गन से फायरिंग कर रहे हैं। ये उनके पिता की बंदूक है। जिसमें उन्होंने शस्त्र अधिनियम का उल्लंघन किया है। बंदूक को जब्त कर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मोतिगरपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में भी हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया था। ऐसी घटनाएँ प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।


