बैतूल पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर एक युवती से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसे धमकाने के आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 29 वर्षीय राहुल उईके के रूप में हुई है, जो बैतूल के थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम माथनी का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 13 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि राहुल उईके ने विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 36/26, धारा 69, 296(बी), 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी पर पांच हजार का इनाम था घटना के बाद से राहुल उईके फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था। आखिरकार, 20 फरवरी को पुलिस ने उसे मुंबई के बांद्रा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी अभियान में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक चित्रा कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक अरुण यादव, प्रधान आरक्षक दीपक कटियार, आरक्षक प्रदीप कहार और साइबर सेल के आरक्षक राजेन्द्र धाडसे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


