Lumbar Hernia : पेट दर्द या सीने में दर्द या कमर दर्द होना मामूली लगता है। अक्सर मेहनत-मजदूरी या भागमभाग काम करने वाले ऐसे दर्द को लेकर गंभीर नहीं होते। इंदौर, मध्य प्रदेश की मीरा तोमर नामक महिला को भी लगा कि उसके पेट, कमर और सीने का दर्द काम करने से हो रहा है। लेकिन, ये दर्द बढ़ता गया और फिर जांच में एक दुर्लभ बीमारी लंबर हर्निया का पता चला।
अचानक से कमर और सीने में दर्द
मीरा बताती हैं, वो मेहनत का काम करती हैं। पर, उनको अचानक से कमर और सीने में दर्द उठा। इसके बाद वो डॉक्टर को दिखाने के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अस्पताल गईं। जहां पर डॉ. संजय मथुरिया (सर्जन) ने लक्षण जानने के बाद जांच कराने की सलाह दी।
दुर्लभ बीमारी लंबर हर्निया की सर्जरी
डॉ. मथुरिया ने बताया कि मीरा के चेस्ट वॉल्व के नीचे दर्द हो रहा था। हमने जांच कराई जिसके बाद पता चला कि वो एक दुर्लभ बीमारी लंबर हर्निया से जूझ रही हैं। हमारी टीम ने सर्जरी की और आज वो दुर्लभ होने वाली बीमारी के बाद भी स्वस्थ हैं।
दुर्लभ बीमारी से जूझ रही मीरा का VIDEO क्लिक करके देखें
लंबर हर्निया (Lumbar Hernia) क्या है?
लंबर हर्निया (Lumbar Hernia) एक ऐसी स्थिति है जिसमें पेट के निचले हिस्से या पीठ (कमर) की मांसपेशियों की दीवार में कमजोरी या गैप होने के कारण, अंदरूनी अंग या चर्बी (Fat) बाहर की ओर उभरने लगती है।
लंबर हर्निया के लक्षण क्या हैं?
- कमर या कूल्हे के ऊपर एक सॉफ्ट उभार महसूस होना।
- खांसने, भारी सामान उठाने या लंबे समय तक खड़े रहने पर यह उभार बढ़ सकता है।
- पीठ के निचले हिस्से में दर्द या भारीपन महसूस होना।
यह क्यों होता है और इलाज क्या है?
लंबर हर्निया जन्मजात (Congenital) होता है। पुरानी चोट या एक्सीडेंट या सर्जरी के बाद घाव का ठीक से न भरना आदि के कारण भी हो सकता है। लंबे समय तक भारी वजन उठाने से भी हो सकता है। इसे सर्जरी के जरिए ठीक किया जाता है।
बेहद दुर्लभ है लंबर हर्निया
पेट के सभी तरह के हर्निया (जैसे इनगुइनल या अम्बिलिकल) की तुलना में लंबर हार्निया के मामले 1.5% से भी कम होते हैं। चिकित्सा इतिहास के पिछले 300 वर्षों में पूरी दुनिया में इसके केवल 300 से 350 मामले ही दर्ज किए गए। भारत के बड़े सरकारी अस्पतालों में भी साल भर में इसके गिने-चुने मामले ही सामने आते हैं।


