बुरहानपुर जिला अस्पताल में शनिवार दोपहर प्रदेश स्तरीय कायाकल्प टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं और संसाधनों का बारीकी से जायजा लिया। खंडवा जिला अस्पताल के डॉ. शक्ति सिंह राठौर सहित प्रदेश टीम के अन्य सदस्यों ने दोपहर करीब ढाई बजे अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। टीम ने निरीक्षण के दौरान वार्डों में भर्ती मरीजों से चर्चा कर सुविधाओं की हकीकत जानी। सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके ने बताया कि कायाकल्प की स्टेट टीम ने पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया है। अब टीम की रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि अस्पताल को प्रदेश स्तर पर क्या रैंकिंग मिलती है। शाम की ओपीडी व्यवस्थित, जल्द शुरू होगा ICU डॉ. टोके ने जानकारी दी कि जिला अस्पताल में शाम की ओपीडी (OPD) को अब व्यवस्थित कर दिया गया है। इसके अलावा, आईसीयू (ICU) को भी जल्द चालू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि गंभीर मरीजों को यहीं बेहतर इलाज मिल सके। दो महीने पहले निमाड़ में रहा था अव्वल बुरहानपुर जिला अस्पताल ने दो महीने पहले (दिसंबर माह में) एक बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। अस्पताल ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) पूरे कर केंद्र सरकार की रैंकिंग में निमाड़ अंचल में पहला स्थान प्राप्त किया था। यदि कायाकल्प अभियान में भी अच्छी रैंकिंग मिलती है, तो अस्पताल में सुविधाएं और संसाधन बढ़ेंगे, साथ ही विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट भी प्राप्त होगा।


