लखनऊ बीमा संस्थान ने डिजिटल सुरक्षा पर सेमिनार किया:ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए वरिष्ठ नागरिकों को किया जागरूक

लखनऊ बीमा संस्थान ने डिजिटल सुरक्षा पर सेमिनार किया:ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए वरिष्ठ नागरिकों को किया जागरूक

लखनऊ बीमा संस्थान और हेल्प पेज इंडिया ने हजरतगंज स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार का विषय ‘डिजिटल लिटरेसी और डिजिटल सुरक्षा’ रहा। इसका उद्देश्य तेजी से बढ़ती डिजिटल दुनिया में ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम में बीमा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। सेमिनार का मुख्य लक्ष्य डिजिटल युग में लोगों को सुरक्षित, सतर्क और जागरूक बनाना रहा। सेमिनार की अध्यक्षता सेवानिवृत्त मंडल प्रबंधक एस.जी.पी. त्रिपाठी ने की। उन्होंने बीमा क्षेत्र में हो रही डिजिटल पहलों की जानकारी दी और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। त्रिपाठी ने कहा कि डिजिटल सुविधाएं जितनी आवश्यक हैं, उतना ही जरूरी उनका सुरक्षित उपयोग समझना है। डिजिटल जोखिमों से बचने की जानकारी दी कार्यक्रम की मुख्य वक्ता हेल्पएज इंडिया की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रश्मि मिश्रा रहीं। उन्होंने बताया कि यह सेमिनार लखनऊ बीमा संस्थान और हेल्पएज इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 60 से 70 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। मिश्रा ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव, मजबूत पासवर्ड बनाने की तकनीक, मोबाइल और अन्य उपकरणों की सुरक्षा, अनजान कॉल से सतर्क रहने तथा डिजिटल जोखिमों से बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल अरेस्ट, बैंक फ्रॉड और साइबर अपराध के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं, इसलिए जागरूक रहना बेहद आवश्यक है। डिजिटल साक्षरता आज की जरूरत है लखनऊ बीमा संस्थान के अवैतनिक सचिव यू.पी. सिंह ने बताया कि संस्थान साधारण बीमा और एलआईसी से संबंधित शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान करता है। संस्थान समय-समय पर बीमा जागरूकता कार्यक्रम और जनहित से जुड़े सेमिनार आयोजित करता रहता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्षरता आज की जरूरत है और हेल्पएज इंडिया के सहयोग से इस विषय पर प्रभावी चर्चा की गई। सेमिनार में अमित कपूर (सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी), देवेंद्र मिश्रा, प्रमोद श्रीवास्तव, मोहित, आयुष मिश्रा और शिवांशु शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *