कानपुर : कानपुर के अरमापुर स्थित आर्डिनेंस फैक्ट्री के बाहर शनिवार को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि फैक्ट्री गेट पर तैनात एक सुपरवाइजर ने ड्यूटी समाप्त कर बाहर निकल रहे कर्मियों के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि जातिगत टिप्पणी भी की। विरोध करने पर ड्यूटी लाइन इंचार्ज ने भी अभद्र व्यवहार किया और जूतों से मारने की धमकी दी।
ड्यूटी खत्म होने के बाद शुरू हुआ विवाद
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों रवि यादव, अरुण शर्मा, सर्वेश दीक्षित और शाहबाज हुसैन ने बताया कि बी-शिफ्ट की ड्यूटी खत्म होने के बाद यह विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि शिकायत लेकर जब वे ड्यूटी लाइन इंचार्ज के पास पहुंचे, तो समस्या सुलझाने के बजाय उन्हें अपमानित किया गया। देर रात कर्मचारियों ने थाने में तहरीर भी दी, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराजगी और बढ़ गई।
फैक्ट्री गेट के बाहर शुरू कर धरना-प्रदर्शन
शनिवार सुबह कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए फैक्ट्री गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर सम्राट विकास भी पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
शिकायत की की जाएगी जांच
इंस्पेक्टर मनोज पांडेय ने बताया कि कर्मचारियों को शांत कराया गया है। शिकायत की जांच की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।


