शिवपुरी: पार्षद ने नगर परिषद के बाहर गोबर प्रदर्शन किया:वार्ड 15 में विकास कार्य नहीं, खुशबू यादव ने चेताया – काम नहीं हुए तो उग्र आंदोलन होगा

शिवपुरी: पार्षद ने नगर परिषद के बाहर गोबर प्रदर्शन किया:वार्ड 15 में विकास कार्य नहीं, खुशबू यादव ने चेताया – काम नहीं हुए तो उग्र आंदोलन होगा

शिवपुरी जिले के करैरा नगर परिषद में शुक्रवार रात वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद खुशबू पृथ्वी यादव ने विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने वार्ड में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद कार्यालय के बाहर ट्रैक्टर से गोबर डलवाया। पार्षद खुशबू यादव ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड की कई गलियां लंबे समय से बंद पड़ी हैं। कुछ स्थानों पर नए निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार मौखिक और लिखित शिकायत करने के बाद भी नगर परिषद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 15 में मुख्य सड़क पर स्थित काली माता मंदिर के सामने वाली गली और हीरो एजेंसी वाली गली काफी समय से अवरुद्ध हैं। इन रास्तों के बंद होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है, साथ ही गंदगी और जलभराव की समस्या भी बढ़ रही है। पार्षद ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शहर की हालत गोबर जैसी होती जा रही है। उन्होंने यह प्रतीकात्मक विरोध इसलिए किया ताकि जिम्मेदार अधिकारियों को जनता की समस्याओं का एहसास हो सके। पार्षद यादव ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही वार्ड के विकास कार्य शुरू नहीं किए गए, तो वे नगर परिषद अध्यक्ष के निवास के बाहर भी इसी तरह का विरोध प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने पूरे शहर में गोबर डालकर व्यापक प्रदर्शन करने की बात भी कही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *