फाजिल्का जिले में अबोहर के प्रेम नगर में बीती रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाया। चोर घर से लाखों रुपये के गहने और हजारों की नकदी चुरा ले गए। घटना का पता तब चला जब परिवार देर रात एक शादी समारोह से वापस लौटा और घर के ताले टूटे हुए पाए। परिजनों ने तुरंत सिटी वन पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रेम नगर गली नंबर 6 निवासी मोहित सेतिया ने बताया कि उनका परिवार एक शादी समारोह में गया हुआ था और घर में कोई नहीं था। रात करीब सवा 1 बजे जब वे वापस लौटे, तो देखा कि गेट के ताले टूटे हुए थे और कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था। सोना और नकदी लेकर फरार चोर अलमारी के लॉकर से उनका पुश्तैनी सोना, जिसका वजन करीब 8 तोले है, और 80 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। मोहित ने इसकी सूचना सिटी वन पुलिस को दी, जिन्होंने मौके का मुआयना किया और सुबह थाने में आकर शिकायत दर्ज करवाने को कहा। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग मोहित के भाई राहुल ने बताया कि उनके घर में कैमरे नहीं लगे हैं, लेकिन पास के सरकारी प्राइमरी स्कूल में कैमरे लगे हुए हैं। राहुल ने पुलिस प्रशासन से उन कैमरों की जांच कर चोरों का पता लगाने, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की मांग की है। पुलिस ने की लोगों से अपील इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रात्रि के समय घरों को सूना छोडना बिलकुल उचित नहीं है क्योकि घर पर ताला लगा देखकर चोर अक्सर इस बात का फायदा उठाते हैं इसलिए कहीं भी जाने के समय पूरा परिवार जाने की बजाए घर में किसी ना किसी व्यक्ति को अवश्य रहना चाहिए। वहीं उन्होंनं शहरवासियों से अपील की जहां तक हो सके लोग अपने घरों व दुकानों के बाहर कैमरे जरुर लगवाएं ताकि चोरों को पकडना असान हो सके


