दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने आज कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया है। भाजयुमो नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा ने बताया कि संगठन दोपहर 1 बजे शहर में कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगा। भारत मंडपम् की घटना को लेकर विरोध भाजयुमो नेताओं का आरोप है कि दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनुचित प्रदर्शन कर देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। मिश्रा ने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी क्षमता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में नेतृत्व की सराहना कर रहा है, तब राहुल गांधी के इशारे पर इस तरह का प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे राष्ट्र की गरिमा के खिलाफ बताया। कांग्रेस ने भी की तैयारी भाजयुमो द्वारा कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के घेराव की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस की शहर इकाई ने अतिआवश्यक बैठक बुलाई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि संगठन को सूचना मिली है कि भाजयुमो कार्यकर्ता दोपहर 1 बजे गांधी भवन पहुंच सकते हैं। इसी के मद्देनजर सभी पदाधिकारियों, पार्षदों और कांग्रेसजनों को अनिवार्य रूप से कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। चौकसे ने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी तरह सतर्क है और लोकतांत्रिक तरीके से स्थिति का सामना करेगा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर संगठनात्मक एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।


