कमरे ईवीएम के नाम, छात्र डोम में: राजसमंद के स्कूल की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल

राजसमंद. शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत जाननी हो तो बालकृष्ण विद्या भवन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की स्थिति देख लीजिए। 92 वर्ष पुराने इस विद्यालय का भवन सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कंडम घोषित किया जा चुका है, लेकिन मरम्मत और पुनर्निर्माण की फाइलें आज भी कागजों से आगे नहीं बढ़ पाई हैं। इस विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर वर्षों से पत्राचार होता रहा। 23 जुलाई 2021 को भवन का भौतिक सत्यापन भी किया गया, जिसमें इंजीनियरों ने नापजोख कर 346.10 लाख रुपए का विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया। जानकारी के अनुसार डीएमएफटी से राशि स्वीकृत भी हुई, लेकिन मामला कथित रूप से राजनीतिक कारणों की भेंट चढ़ गया और काम आज तक शुरू नहीं हो सका।

ईवीएम ने घेर लिए आठ कमरे, एक में पुलिस तैनात

विद्यालय की परेशानी यहीं खत्म नहीं होती। लोकसभा चुनाव में उपयोग की गई ईवीएम मशीनों के लिए स्कूल के आठ कक्ष आरक्षित कर दिए गए हैं, जबकि एक कक्ष में पुलिसकर्मी तैनात हैं। इससे विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कक्षों की संख्या और कम हो गई है। वर्तमान में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन पर्याप्त कमरे नहीं होने के कारण छात्र डोम में बैठकर परीक्षा देने को मजबूर हैं। जिन कमरों में ईवीएम रखी गई हैं, वे मूल रूप से कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित थे।

जर्जर भवन में प्रवेश पर रोक

विद्यालय का दूसरा परिसर अत्यंत पुराना और जर्जर अवस्था में है। सुरक्षा कारणों से विद्यार्थियों को वहां जाने की अनुमति नहीं दी गई है। फिलहाल उस भवन का उपयोग विद्यालय स्टाफ द्वारा किया जा रहा है। विद्यालय प्रशासन ने इस समस्या की जानकारी जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार दी, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि ईवीएम से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण मशीनें फिलहाल विद्यालय परिसर में ही रखी गई हैं। इन परिस्थितियों के चलते विद्यार्थियों को असुविधाजनक माहौल में परीक्षा देनी पड़ रही है, जिससे अभिभावकों और शिक्षकों में भी चिंता बनी हुई है। परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को अब डोम में बैठकर परीक्षा देने जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव में मतगणना एजेंटों को मतगणना स्थल पर अनुमति नहीं देने सहित अनेक बिंदुओं पर न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है। इसमें प्रशासन की ओर से दबाव में काम करने, नियमों की अनदेखी करने सहित अनेक आरोप एडवोकेट जितेन्द्र खटीक की ओर से लगाए गए हैं। जब से लोकसभा चुनाव की मतगणना हुई, तब से ये ईवीएम मशीन इसी विद्यालय में कमरों में सुरक्षा के घेरे में है। जिसके कारण विद्यार्थियों को अब परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं आगे आने वाले निकाय चुनाव, पंचायत चुनावों में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

कक्षावार नामांकन की स्थिति

क्रमांक कक्षा विद्यार्थियों की संख्या
1 01 05
2 02 04
3 03 09
4 04 12
5 05 15
6 06 14
7 07 22
8 08 15
9 09 60
10 10 52
11 11 174
12 12 219
कुल 601

इनका कहना है

लोकसभा चुनाव को लेकर एक मामला न्यायालय में विचाराधीन है। निर्णय होते ही ईवीएम को निर्वाचन के वेयरहाउस में रखवा दिया जाएगा।

नरेश बनुकर, एडीएम, राजसमंद

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *