लुटेरों ने ट्रक चालक को गोली मारी, रीवा रेफर:सतना में फिल्मी अंदाज में कील बिछाकर ट्रक रोका; रामपथ गमन के कुंदहरी के पास की घटना

लुटेरों ने ट्रक चालक को गोली मारी, रीवा रेफर:सतना में फिल्मी अंदाज में कील बिछाकर ट्रक रोका; रामपथ गमन के कुंदहरी के पास की घटना

सतना जिले के रामपथ गमन मार्ग पर कुंदहरी के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात लूट और गोलीबारी की घटना हुई। बदमाशों ने एक ट्रक चालक को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल चालक का इलाज रीवा के अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, मऊगंज जिले के तरहड़ निवासी 26 वर्षीय मो. तस्लीम अपने ट्रक (सीजी-07 सीजी 7990) में खाली कैरेट लेकर चित्रकूट से बुरहानपुर जा रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे रामपथ गमन (मैहर-सतना रोड) स्थित कुंदहरी के पास उनके ट्रक के अगले बाएं पहिए में लोहे की कील घुस गई, जिससे टायर पंचर हो गया। तस्लीम ट्रक रोककर पहिए से कील निकालने लगे, तभी पीछे से एक बदमाश आया और उनसे पैसे मांगने लगा। बदमाश ने अचानक तस्लीम से हाथापाई शुरू कर दी और उनकी जेब से तीन हजार रुपए छीन लिए। लूट का विरोध करते हुए तस्लीम ट्रक की केबिन से लोहे की रॉड लेकर बदमाश की ओर दौड़े। इसी दौरान बदमाश ने कट्टे से फायर कर दिया। गोली तस्लीम के बाएं हाथ में कंधे के नीचे लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल चालक ने राह से गुजर रहे बारातियों की एक पिकअप रुकवाई और सतना पहुंचकर अपने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया। घायल के परिजनों ने बताया कि ऑपरेशन कर हाथ में फंसी गोली निकाल ली गई है, लेकिन उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उचेहरा पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास के ढाबों में भी पूछताछ कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *