हाथरस में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी हैं। आज परीक्षा का चौथा दिन है, जिसमें जिले के 99 केंद्रों पर परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। आज सुबह की पाली में हाई स्कूल के परीक्षार्थियों लिए गृह विज्ञान की परीक्षा आयोजित की गई। शाम की पाली में इंटरमीडिएट के छात्र इतिहास विषय का पेपर देंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षाएं हो रही हैं। सुबह कड़ी चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। अधिकारी कर रहे परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण… परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को 4 जोन और 19 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। जिले भर में कुल 44,370 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 22,162 हाई स्कूल के और 22,208 इंटरमीडिएट के छात्र शामिल हैं। सुबह कुछ परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थी सीटिंग प्लान देखते हुए नजर आए और केंद्रों के बाहर आज भी काफी भीड़ दिखाई दी।


