एटा जिले के मिरहची क्षेत्र में इंटरमीडिएट की अंग्रेजी परीक्षा के दौरान एक ‘मुन्ना भाई’ को पकड़ा गया है। यह आरोपी दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहा था। तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय ने चेकिंग के दौरान उसे रंगे हाथों पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अलीगढ़ निवासी दीपक पुत्र उमेश कुमार के रूप में हुई है। वह एटा के वरिगांवा निवासी अखिलेश पुत्र राजवीर के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। यह घटना शनिवार को द्वितीय पाली में अंग्रेजी के पेपर के दौरान अमरती देवी इंटर कॉलेज, लालपुर कल्याणपुर, एटा में हुई। आरोपी दीपक के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने एक पत्र जारी कर इस संबंध में जानकारी साझा की है।
तहसीलदार नीरज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि वे नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमरती देवी इंटर कॉलेज का भ्रमण कर रहे थे। शुक्रवार की द्वितीय पाली में अंग्रेजी का पेपर चल रहा था, तभी उन्हें एक परीक्षार्थी पर शक हुआ। पूछताछ और जांच के बाद ‘मुन्ना भाई’ पकड़ा गया।


