भास्कर संवाददाता|सागर विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रश्नकाल में सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने केंद्रीय जेल सागर के नवीन भवन निर्माण का प्रश्न उठाया। विधायक जैन ने जानकारी चाही कि केन्द्रीय जेल सागर के नए भवन निर्माण के लिए ग्राम चितौरा में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि आवंटित किए जाने के बाद शासन द्वारा निर्माण कार्य के लिए कितना बजट स्वीकृत किया गया है तथा वर्तमान में इस परियोजना की क्या प्रगति है? प्रश्न के उत्तर में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि नवीन केन्द्रीय जेल भवन निर्माण पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत किए जाने का प्रस्ताव है। विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन 25 अगस्त 2025 को साधिकार समिति के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया था। समिति में हुई चर्चा के बाद जेल विभाग से पुनरीक्षित प्रस्ताव मांगा गया था, जो जेल विभाग द्वारा 3 नवंबर 2025 को मंडल को भेज दिया गया है।


