सागर में 45 लाख रुपए से बनेंगे 9 स्मार्ट फिश पार्लर

सागर | विधानसभा के बजट सत्र में विधायक शैलेन्द्र जैन ने प्रश्नकाल के दौरान मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग से जुड़े फिश पार्लर/स्मार्ट फिश पार्लर संचालन का मुद्दा उठाया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं, हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ और सागर नगर में फिश पार्लर स्थापना की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी। मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने जवाब में बताया कि विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा देना, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करना और आधुनिक मत्स्य विक्रय केंद्र स्थापित करना है। मंत्री ने जानकारी दी कि सागर नगर में वर्ष 2022-23 और 2023-24 में फिश पार्लर स्थापना के लिए कोई राशि स्वीकृत नहीं हुई थी। हालांकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 9 फिश पार्लर की स्थापना के लिए कुल 45 लाख रु. स्वीकृत किए हैं। योजना के तहत मत्स्य संरक्षण, स्वच्छता, पैकेजिंग और विपणन संबंधी प्रशिक्षण भी दिया जाता है। सागर में जिला स्तर पर 45 हितग्राहियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *