जोधपुर कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने सब्जियों की आड़ में की जा रही अफीम की खेती को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से करीब 150 अवैध पौधे बरामद किए हैं। वहीं एक आरोपी को भी पकड़ा है। पुलिस को बोरानाडा थाना इलाके में अफीम की खेती होने की सूचना मिली थी। इस पर सीएसटी टीम प्रभारी मेहराज तंवर मय टीम ने पुलिस थाना बोरानाडा क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक मकान के सामने खाली पड़े प्लॉट में धनिया, गाजर और टमाटर जैसी सब्जियों की आड़ में अवैध रूप से अफीम के पौधों की खेती की जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 150 अवैध पौधे बरामद किए। सब्जी के बीच पौधे लगा छुपाने का प्रयास पुलिस के अनुसार आरोपी ने सब्जी की खेती के बीच अवैध पौधे लगाकर इसे छिपाने का प्रयास किया था, ताकि किसी को संदेह न हो। टीम ने कार्रवाई करते हुए पौधों को जब्त कर लिया। मौके से मंगला राम पुत्र (53) रामजीवन निवासी तेजाजी मंदिर के पीछे हरिओम नगर बोरानाडा, पुलिस थाना बोरानाडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी अकेले इस काम में शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। जब्त किए गए पौधों को विधि अनुसार सुरक्षित किया गया है और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। सीएसटी टीम व बोरानाडा थाना पुलिस संयुक्त रूप से मामले की गहन जांच कर रही है।


