सुनो, सुनो, सुनो… हिस्ट्रीशीटर सुफियान कनखड़ा को 6 माह के लिए जिला बदर किया जाता है। अगर शातिर अपराधी सुफियान मोहल्ले में या फिर कहीं घूमता दिखे तो तत्काल पुलिस को सूचना दे। कुछ इस तरह चमनगंज पुलिस ने शातिर के घर के बाहर डुगडुगी पिटवाकर अनाउंस किया। शातिर पर चमनगंज, बेकनगंज समेत शहर के अन्य थानों में कुल 13 मुकदमे दर्ज है। चमनगंज इंस्पेक्टर संजय राय ने बताया कि चमनगंज के सूफियाबाद निवासी हिस्ट्रीशीटर सुफियान कनखड़ा पर भय दिखाकर वसूली, गाली-गलौज, मारपीट समेत अन्य धाराओं में कुल 13 मुकदमे दर्ज है। बीती फरवरी में शातिर पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई थी। शुक्रवार को आरोपी के घर के बाहर डुगडुगी पिटवाते हुए 6 माह के लिए जिला बदर की कार्रवाई की गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा के निर्देशानुसार अपराधियों पर लगाम कसने के लिए यह कार्रवाई की गई।


