मोरंग लदा ट्रक टकराया, 14 घंटे बाद हटाया गया:ट्रैफिक पुलिस बोली- जगह-जगह खराब हो रहीं गाड़ियां

मोरंग लदा ट्रक टकराया, 14 घंटे बाद हटाया गया:ट्रैफिक पुलिस बोली- जगह-जगह खराब हो रहीं गाड़ियां

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में श्यामनगर बाईपास और कोयला नगर के बीच गुरुवार तड़के एक मौरंग लदा ट्रक आगे चल रहे वाहन से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं। ट्रक को घटनास्थल से शुक्रवार दोपहर 5 बजे के बाद हटाया जा सका। ट्रक के क्षतिग्रस्त होने के कारण नौबस्ता से रामादेवी की ओर आने वाले वाहनों को सिंगल लेन से धीमी गति से गुजरना पड़ा। इस वजह से लगभग 14 घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गोंडा निवासी ट्रक चालक पंकज ने बताया कि वह गुरुवार को उरई से मौरंग लेकर सिद्धार्थ नगर जा रहा था। उनके अनुसार, शुक्रवार तड़के श्यामनगर बाईपास के पास आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे उनका ट्रक उससे टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैफिक विभाग के टीआई राजेश कुमार मिश्र ने जानकारी दी कि क्षतिग्रस्त ट्रक को शुक्रवार दोपहर 5 बजे हटवाया गया। उन्होंने बताया कि हाईवे पर वाहनों का अत्यधिक भार रहता है, जिससे थोड़ी देर में ही जाम की स्थिति बन जाती है। अक्सर हाईवे पर गाड़ियां खराब होने और उन्हें जल्दी हटाने के चक्कर में भी जाम लगता है, जिससे वाहनों को हटवाने में परेशानी होती है। टीआई मिश्र ने यह भी बताया कि जाजमऊ गंगापुल पर एक ट्रक खराब हो गया था, जबकि एक डंपर चालक उसे खड़ा छोड़कर चला गया था। उन्होंने पुनः पुष्टि की कि श्यामनगर की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। लगभग 14 घंटे बाद ट्रक हटाए जाने के कारण यातायात व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगाया कि आखिर इतने लंबे समय तक क्षतिग्रस्त ट्रक को क्यों नहीं हटाया जा सका, जिससे आम जनता को भारी असुविधा हुई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *