Crime सहारनपुर की कोतवाली मंडी क्षेत्र में एक शादी समारोह चल रहा था। इस समारोह में दूल्हे के ताऊ के दामाद ने हर्ष फायरिंग कर दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद से आरोपी दामाद फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गोली चलते ही मच गई अफरा-तफरी
घटना बुधवार देर रात की है। कोतवाली मंडी क्षेत्र में एक रिसेप्शन पार्टी चल रही थी। इसी पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग ने खुशियां मातम में बदल दी। इस दौरान दामाद रोहित उपाध्याय ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से समारोह में शामिल शिव चरण गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में घायल शिवचरण को लेकर सभी लोग अस्पताल भागे और पुलिस को खबर कर दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी दामाद फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने तक शिवचरण ने तोड़ दिया दम
अस्पताल ले जाते वक्त शिवचरण ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद हालात बदल गए। समारोह में अफरा-तफरी जैसा माहौल हो गया। जो लोग थोड़ी देर पहले एक दूसरे को बधाइयां देते हुए खुशियां मना रहे थे वो एक दूसरे को ताना देते हुए नजर आए। बार-बार लोगों को समारोह में हर्ष फायरिंग के लिए मना किया जाता है लेकिन वह नहीं मानते और इस तरह की घटनाएं सामने आती है। यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी सहारनपुर में उत्सव और समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में लोग घायल हो चुके हैं और मौत भी हो चुकी है।


