नीमच में शुक्रवार को कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र प्रदर्शन किया। शहर के विजय टॉकीज चौराहे पर जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और मंत्रियों के पुतले फूंके। इस हंगामे के दौरान एक गरीब मजदूर की साइकिल जलते हुए पुतले की चपेट में आकर पूरी तरह खाक हो गई। कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की नजरों से बचते हुए गलियों से जलते हुए पुतले लेकर सीधे चौराहे पर पहुंच गए। यह विरोध प्रदर्शन कैलाश विजयवर्गीय, राजेंद्र शुक्ल और विजय शाह जैसे मंत्रियों के बयानों और कार्यप्रणाली के खिलाफ था। प्रदर्शन इतना उग्र था कि वहां मौजूद पुलिस बल कुछ देर के लिए मूकदर्शक बना रहा। मजदूर की साइकिल जली जब कांग्रेस कार्यकर्ता पुतले जला रहे थे, तभी बघाना निवासी 55 वर्षीय मजदूर बबलू की साइकिल आग की चपेट में आ गई। बबलू एक मिठाई की दुकान पर काम करता है और वही साइकिल उसके आने-जाने का एकमात्र सहारा थी। एक तरफ नेता प्रदर्शन कर रहे थे और दूसरी तरफ बेबस मजदूर अपनी जलती साइकिल देख रहा था। मौके पर फायर ब्रिगेड भी मौजूद नहीं थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया मदद का भरोसा साइकिल जलने की खबर के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने इसे बड़ी लापरवाही माना। उन्होंने मजदूर को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिया कि पार्टी उसकी साइकिल की पूरी भरपाई करेगी। बाहेती ने कहा कि साइकिल को ठीक कराया जाएगा और अगर वह ज्यादा खराब हो गई है, तो बबलू को नई साइकिल खरीदकर दी जाएगी। मंत्रियों के इस्तीफे की मांग पर अड़े कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती और अन्य नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक विवादित मंत्रियों की विदाई नहीं हो जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर गुस्सा जाहिर किया।


