बेंगलूरु.
सीरवी समाज ट्रस्ट, हेब्बाल की ओर से मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की 17वीं वर्षगांठ एवं ध्वजारोहण समारोह वडेर भवन में धूमधाम से मनाया गया। प्रातः मंदिर में कपिल राठौड़ ने मंत्रोच्चार के साथ हवन में आहुति देकर धर्मलाभ अर्जित किया। इसके बाद पूजा-अर्चना और महाआरती संपन्न हुई।
अमर ध्वजा के लाभार्थी पुनाराम, मंगलाराम एवं प्रकाश बर्फा परिवार ने मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण होते ही जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो गया। वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
कार्यक्रम से पूर्व गेर नृत्य की प्रस्तुति दी गई। गैर मंडल के सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर हाथों में रंग-बिरंगी छतरियां लिए नृत्य करते नजर आए। पैरों में बंधे घुंघरुओं की झंकार से वातावरण भक्तिमय हो उठा। भजन गायकों ने राजस्थानी लोक भजनों की प्रस्तुति देकर सभी को झूमने पर विवश कर दिया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष पूनाराम बर्फा, उपाध्यक्ष रूपाराम राठौड़, सचिव भालाराम सोलंकी, सहसचिव सोहनलाल राठौड़, कोषाध्यक्ष चीमनाराम चोयल, सह-कोषाध्यक्ष वीरमराम राठौड़, प्रचार मंत्री बाबूलाल बर्फा, हनुमान राम राठौड़, महिला मंडल, नवयुवक मंडल, गैर मंडल एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।


