WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक ऐसा फीचर लॉन्च किया है, जो खासतौर पर ग्रुप चैट करने वालों के लिए काफी काम का साबित हो सकता है। नए फीचर का नाम है “ग्रुप मैसेज हिस्ट्री (Group Message History)”। इसका मकसद है, जब कोई नया सदस्य किसी ग्रुप में जुड़े, तो उसे पुरानी बातचीत समझने के लिए इधर-उधर मैसेज मांगने की जरूरत न पड़े। बल्कि पहले के भी मैसेज दिखे।
WhatsApp: पहले क्या दिक्कत थी?
अब तक होता यह था कि जैसे ही किसी नए मेंबर को ग्रुप में जोड़ा जाता था, वह केवल वही मैसेज देख पाता था जो उसके जुड़ने के बाद भेजे गए हों। यानी पुरानी बातचीत उससे पूरी तरह छिपी रहती थी। कई बार इससे कन्फ्यूजन होता था।
दूसरे मेंबर्स को बार-बार स्क्रीनशॉट या मैसेज फॉरवर्ड करने पड़ते थे। खासकर ऑफिस, प्रोजेक्ट या कम्युनिटी ग्रुप में यह समस्या ज्यादा महसूस होती थी।
WhatsApp New Feature: अब एडमिन के पास होगा पूरा कंट्रोल
नई सुविधा में सबसे खास बात यह है कि इसका कंट्रोल पूरी तरह ग्रुप एडमिन के हाथ में रहेगा। एडमिन तय कर सकते हैं कि नए मेंबर को पुराने मैसेज दिखाए जाएं या नहीं साथ ही अगर दिखाए जाएं, तो कितने मैसेज दिखें (जैसे 25 मैसेज या उससे ज्यादा)। यानी हर ग्रुप अपनी जरूरत के हिसाब से सेटिंग बदल सकता है। इतना ही नहीं, जब पुराने मैसेज नए मेंबर को दिखाए जाएंगे, तो बाकी सदस्यों को इसकी जानकारी भी मिलेगी। किस समय और किसके जरिए मैसेज शेयर हुए, यह डिटेल साफ तौर पर दिखेगी। साथ ही, पुराने मैसेज सामान्य चैट से अलग अंदाज में नजर आएंगे, ताकि किसी को भ्रम न हो।
कब और कहां मिलेगा यह फीचर?
इस अपडेट की शुरुआत दुनियाभर में कर दी गई है। धीरे-धीरे यह Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जा रहा है। यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे अपना ऐप लेटेस्ट वर्जन में अपडेट रखें, तभी यह नया फीचर दिखाई देगा।


