कोटा महोत्सव के तहत 21 एवं 22 फरवरी को विभिन्न प्रतियोगिताओं, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। इस बार कुश्ती दंगल का आयोजन भी नंदी घाट पर किया जाएगा। कोटा महोत्सव के लिए अब तक बीस हजार से ज्यादा लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। 21 फरवरी को गणेश वंदना के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। महोत्सव के तहत चम्बल रिवर फ्रंट के पश्चिमी भाग स्थित तिरंगा घाट पर फूड कोर्ट, नंदी घाट पर कोटा दंगल, शौर्य घाट पर फोटो कॉन्टेस्ट एवं एग्जीबिशन, रिवर फ्रंट के वेस्टर्न घाट स्थित हवेलियां पर दीदी की हाट, घंटी घाट पर यंग इंडिया केरियर फेयर, शौर्य घाट पर पेंटिंग वर्कशॉप आयोजित होगी। कोटा दंगल कार्यक्रम के तहत राजस्थान केसरी, राजस्थान कुमार, राजस्थान महिला केसरी एवं राजस्थान महिला कुमारी प्रतियोगिताएं होगी। इसमें केवल राजस्थान के पहलवान भाग ले सकेंगे। कुश्ती प्रतियोगिता 21 फरवरी को चम्बल रिवर फ्रंट के नंदी घाट पर दोपहर 3 बजे आयोजित की जाएगी। यंग इंडिया करियर काउंसलिंग कार्यक्रम के तहत 21-22 फरवरी को कार्यक्रम का आयोजन चंबल रिवर फ्रंट के घंटी घाट पर किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, तकनीकी पाठ्यक्रमों, नवाचार, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। 22 को निकलेगी हेरिटेज वॉक, ये रहेंगे कार्यक्रम लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उपस्थिति में 22 फरवरी को सुबह सात 7 बजे हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा, जो मथुराधीश मंदिर से शुरू होकर गढ़ पैलेस, कैथूनीपोल थाने से होते हुए सुभाष चौक, रामपुरा कोतवाली जाकर पूरी होगी। इसमें कोटावासी साफा पहनकर शामिल होंगे। 22 फरवरी को ही शाम 5.30 बजे से पश्चिमी घाट पर चंबल महाआरती होगी। शौर्य घाट पर सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक कोटा ऑन स्क्रीन्स फिल्म फेस्टीवल, दोपहर 1 से 4 बजे तक पंडित सतीश शर्मा की वास्तु वाणी, शाम 4 से 5.30 बजे तक अनप्लग्ड आयोजित होगा। कोटा महोत्सव के तहत 22 फरवरी को शाम 7 बजे से शौर्य घाट, चम्बल रिवर फ्रंट पर डोरिया फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोटा डोरिया से निर्मित पारंपरिक एवं आधुनिक उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। सेवन वंडर्स पर होगा पेट शो सेवन वंडर्स पर 22 फरवरी को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक पेट शो आयोजित होगा। इसमें श्वान फैशन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र होगी। पेट शो में शामिल होने के लिए क्यू आर कोड से स्कैन कर फॉर्म भरा जा सकता है। दशहरा मैदान स्थित विजय श्री रंगमंच पर 21 व 22 फरवरी दोनों दिन मेगा सेलिब्रिटी नाईट का आयोजन होगा। इसमें 21 फरवरी को प्रख्यात गायक अर्जुन कानूनगो एवं 22 फरवरी को मरू कोकिला सीमा मिश्रा की प्रस्तुतियां होंगी। दोनों ही दिन किशोर सागर की पाल पर फ्लावर शो आयोजित होगा। मास्टर शेफ प्रतियोगिता का आयोजन 21 फरवरी को दोपहर 12 बजे से चंबल रिवर फ्रन्ट के तिरंगा घाट पर किया जाएगा।


