दौसा में प्रशासन द्वारा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को गेटोलाव के पास पुलिस जाप्ते के साथ पहुंचे प्रशासनिक अमले ने कई पुख्ता निर्माण ध्वस्त किए। एसडीएम संजू मीणा व तहसीलदार गजानंद मीणा के निर्देशन में टीम द्वारा जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यहां दौसा कलां के खसरा नंबर 2628 व 2629 की भूमि पर पिछले कई साल से लोगों ने पुख्ता निर्माण कर अतिक्रमण किया हुआ था। यह भूमि सिंचाई विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग बताई जा रही है। जिस पर हो रखे अतिक्रमण को चिन्हित कर नोटिस दिए गए थे। दरअसल, गेटोलाव सरोवर के पास अतिक्रमण के चलते सड़क निर्माण कार्य अटक गया था। ऐसे में पिछले दिनों प्रशासन द्वारा नोटिस देखकर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। जिसके बाद शुक्रवार को कार्रवाई को अंजाम दिया गया। MLA ने सोशल मीडिया पर जताया विरोध वहीं दूसरी ओर प्रशासन की कार्रवाई का विरोध भी हो रहा है। विधायक दीनदयाल बैरवा ने सोशल मीडिया पर लिखा- पर्ची सरकार के कारनामे हाल ही में आज दौसा में प्रशासन द्वारा फिर गरीबों के आशियाने उजाड़े जा रहे हैं। बता दें कि पिछले दिनों प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विधायक डीडी बैरवा का तहसीलदार गजानंद मीणा से विवाद हो गया था।


