संतकबीरनगर में यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले दिन पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के अनुपस्थित रहने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। यह कार्यवाही गुरुवार को रिपोर्ट मिलने के बाद की गई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने इन सभी मजिस्ट्रेटों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोक दिया है। 18 फरवरी से शुरू हुई यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान ये मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर नहीं पहुंचे थे। उनकी अनुपस्थिति के कारण प्रश्नपत्र खोलने और अन्य व्यवस्थाओं में समस्या उत्पन्न हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने इस संबंध में जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जिले में कुल 94 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुचारु संचालन के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी। जिन पांच स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें श्रीलाल बहादुर शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज के स्टेटिक मजिस्ट्रेट मुख्य कार्याधिकारी मत्सय नंद किशोर प्रसाद, स्वर्गीय चंद्रभान मिश्र इंटर कॉलेज पटखौली के स्टेटिक मजिस्ट्रेट वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव त्रिपाठी, राजकीय उमावि जामडी के स्टेटिक मजिस्ट्रेट राज्य कर अधिकारी राजेश कुमार नायक, रामनरेश बुद्धिसागर पब्लिक कॉन्वेंट आदर्श इंटर कॉलेज के स्टेटिक मजिस्ट्रेट पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद सिंह और एमएम अशरफ इंटर कॉलेज सालेहपुर सेमरियावां के स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहायक सांख्यिकीय अधिकारी मनोज कुमार मिश्र शामिल हैं। ये सभी अधिकारी 18 फरवरी को अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, जिससे परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र खोलने में परेशानी हुई। जिलाधिकारी ने अग्रिम आदेश तक इन सभी का वेतन रोकने का निर्देश दिया है।


