लूडो खेलते-खेलते दुल्हन ने खाया जहर, 7 दिन में होनी थी शादी, घर पर छाया मातम

लूडो खेलते-खेलते दुल्हन ने खाया जहर, 7 दिन में होनी थी शादी, घर पर छाया मातम

MP News: छतरपुर के सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के थुरट गांव में एक ऐसा वाकया सामने आया है जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। जिस घर में महज सात दिन बाद बारात आनी थी और मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। 20 वर्षीय युवती रजनी ने शादी की तैयारियों के बीच अचानक जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जिला अस्पताल छतरपुर में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

तैयारियां अंतिम दौर में थीं

नंदराम अनुरागी की बेटी रजनी की शादी छतरपुर जिले के टेड़ीपुरवा निवासी वीरेंद्र अनुरागी से तय हुई थी। 25 फरवरी को बारात आनी सुनिश्चित थी। घर में शादी का उल्लास था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जिस बेटी के हाथों में मेहंदी सजनी थी, उसकी मौत की खबर से परिवार और गांव स्तब्ध है।

हंसी-खुशी खाया खाना, फिर लूडो खेलते वक्त….

पिता नंदराम ने रुंधे गले से बताया कि सब कुछ सामान्य था। पूरे परिवार ने साथ बैठकर हंसी-खुशी खाना खाया। रात करीब 11 बजे रजनी अपनी बहन के साथ मोबाइल पर लूडो खेल रही थी। खेल के दौरान ही वह उठी और अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया। जब उसे उल्टियां होने लगीं, तब परिजनों को अहसास हुआ कि कुछ अनहोनी हुई है।

छतरपुर जिला अस्पताल में तोड़ा दम

परिजन रजनी को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें थम गईं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर रजनी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। घर में कोई विवाद या परेशानी की बात भी सामने नहीं आई है। अजनर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। (MP News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *