अजित पवार विमान हादसा: 27 फरवरी से पहले आएगी प्राथमिक जांच रिपोर्ट, CVR बुरी तरह क्षतिग्रस्त

अजित पवार विमान हादसा: 27 फरवरी से पहले आएगी प्राथमिक जांच रिपोर्ट, CVR बुरी तरह क्षतिग्रस्त

महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार पिछले महीने बारामती में हुए लियरजेट 45 (VT-SSK) दुर्घटना की प्राथमिक जांच रिपोर्ट 27 फरवरी से पहले जारी की जाएगी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा इस भीषण हादसे की प्राथमिक रिपोर्ट 27 फरवरी 2026 से पहले पेश कर दी जाएगी।

कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर को भारी नुकसान

मंत्रालय ने बताया कि हादसे के दौरान अत्यधिक तापमान के कारण कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर (CVR) को गंभीर क्षति पहुंची है। इसी वजह से कॉकपिट में हुई बातचीत को रिकवर करने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। संबंधित सीवीआर का निर्माण अमेरिकी कंपनी Honeywell ने किया था, इसलिए अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत तकनीकी सहायता के लिए निर्माता देश से संपर्क किया गया है।

हालांकि, डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (DFDR) से डेटा सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया है। इसकी जानकारी नई दिल्ली स्थित जांच कार्यालय में सुरक्षित रूप से प्राप्त की गई है।

AAIB कर रही है तकनीकी और साक्ष्य आधारित जांच

मंत्रालय के अनुसार, इस हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) द्वारा विमान (दुर्घटना व अन्य घटनाओं की जांच) नियमावली 2025 और अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के परिशिष्ट 13 में निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही है।

जांच प्रक्रिया पूरी तरह तकनीकी और साक्ष्य आधारित है। इसमें विमान के मलबे की बारीकी से जांच, संचालन और मेंटेनेंस रिकॉर्ड का विश्लेषण तथा जरूरत पड़ने पर विमान के पुर्जों की प्रयोगशाला जांच भी शामिल है।

VSR कंपनी का विशेष ऑडिट जारी

इसके साथ ही, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने VSR कंपनी का विशेष ऑडिट 4 फरवरी से शुरू कर दिया है। इस ऑडिट में कंपनी के विमान रखरखाव और सुरक्षा मानकों की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। यह प्रक्रिया जल्द पूरी होने की संभावना है। जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अफवाहों से बचने की अपील

केंद्रीय नागरी विमानन मंत्रालय ने अपील की है कि किसी भी तरह के कयास या अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए और कानूनी जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से पूरा होने दिया जाए। आईसीएओ के मानकों के अनुसार घटना के 30 दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की जाएगी, जबकि अंतिम रिपोर्ट विस्तृत विश्लेषण के बाद उचित समय पर पेश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *