श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र के लिए सरकार ने 10.50 एकड़ जमीन का कब्जा लिया

श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र के लिए सरकार ने 10.50 एकड़ जमीन का कब्जा लिया

भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा वीरवार को अचानक जालंधर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने करतारपुर रोड पर स्थित गांव नौगज्जा और फरीदपुर में 10.50 एकड़ भूमि का कब्जा लेकर श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की स्थापना की दिशा में निर्णायक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि यह कदम गुरु रविदास जी की विरासत के सम्मान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस मौके पर विधायक बलकार सिंह, पंजाब कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन टीनू, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल और डेरा सच्चखंड बल्लां के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी मौजूद रहे। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि खुशी की बात है कि पंजाब सरकार ने अत्याधुनिक श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र के निर्माण के लिए 10.50 एकड़ भूमि का कब्जा हासिल कर लिया है। सरकार इस जगह से हाई-टेंशन बिजली की तारों को शिफ्ट करने के लिए 55 लाख खर्च वहन करेगी ताकि निर्माण कार्य बिना किसी देरी के सुचारू रूप से चल सके। वित्त मंत्री ने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री हो चुकी है और अब कब्जा मिलने से यह प्रोजेक्ट लागू होने के महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर गया है। केंद्र का डिजाइन और लेआउट प्लान डेरा सच्चखंड बल्लां के प्रतिनिधियों की सलाह से विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया जा रहा है। सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व संबंधी साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की घोषणा पहले की जा चुकी है। उन्होंने कहा श्री गुरु रविदास जी की विरासत का सम्मान देने और गुरु जी द्वारा दर्शाई गई सांप्रदायिक सद्भावना को प्रोत्साहित करने के लिए पूरे राज्य में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *