बादशाहीनाका थाने से मात्र 60 मीटर दूर स्थित लोहा व्यापारी के बंद मकान का ताला तोड़कर शातिर चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल दी। आरोपियों ने घर से नकदी व जेवरात समेत करीब 39 लाख रुपए का माल पार कर दिया। घटना के वक्त वह अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए अस्पताल गए थे। गुरुवार सुबह जब वह घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर व्यापारी नेताओं ने पहुंचकर पुलिस के आलाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर एसीपी कलक्टरगंज आनंद ओझा ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। सुबह घर पहुंचने पर हुई घटना की जानकारी कुली बाजार निवासी संजय गुप्ता लोहा मंडी में ब्रोकर का काम करने के साथ इंश्योरेंस एजेंट थे। कोविड काल से स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने काम बंद कर दिया था। उन्होंने बताया कि एकलौती बेटी की शादी के बाद से वह पत्नी रोशनी के साथ अकेले घर पर रहते है। मंगलवार को अचानक पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। इस दौरान वह अस्पताल में रहकर ही पत्नी की देखरेख कर रहे थे। गुरुवार सुबह वह घर पर नहाने के लिए पहुंचे तो मेनगेट का ताला टूटा मिला। तत्काल उन्होंने पुलिस और व्यापारी नेताओं को सूचना दी। मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता विनोद गुप्ता और शेष नारायण त्रिवेदी समेत अन्य लोगों पुलिस के आलाधिकारियों को चोरी की जानकारी दी। जिसके बाद एसीपी कलक्टरगंज आनंद ओझा ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। 20 तोला कैश व 2.50 किलो चांदी पार की पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनके घर से करीब 1.30 लाख कैश व 20 तोला सोना और ढाई किलोग्राम चांदी समेत करीब 39 लाख रुपए का माल चोरी हुआ है। बादशाहीनाका थाना प्रभारी राहुल कटियार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, क्योंकि बुधवार रात करीब 12 बजे तक पीड़ित की बेटी सागरिका घर पर मौजूद थी। जिस अलमारी से जेवरात चोरी हुए है, उसका लॉक तोड़ा नहीं गया है। जल्द ही घटना की खुलासा होगा।


