एक करोड़ की ठगी में मुकदमा, क्राइम ब्रांच एक्टिव:FiR में कृष्णा, उसके भतीजे के अलावा कारोबारी प्रवीण शर्मा, पुष्पेंद्र के नाम भी शामिल

एक करोड़ की ठगी में मुकदमा, क्राइम ब्रांच एक्टिव:FiR में कृष्णा, उसके भतीजे के अलावा कारोबारी प्रवीण शर्मा, पुष्पेंद्र के नाम भी शामिल

शहर के प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी के शोरूम पर हुई एक करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने गुरुवार देर शाम छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले में क्राइम ब्रांच एक्टिव हो गई है जो कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। पहले एक नजर वारदात पर
सदर बाजार थाना क्षेत्र में आबूलेन से सटे आबू प्लाजा में साकेत निवासी तन्मय अग्रवाल का रघुनंदन ज्वैलर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम का शोरूम है। बुधवार दोपहर रूड़की रोड निवासी कारोबारी प्रवीण शर्मा शोरूम पर एक करोड़ रुपया लेकर पहुंचे। उन्होंने फोन पर किसी से बातचीत के बाद वह रकम तन्मय अग्रवाल को दे दी। तन्मय अग्रवाल ने उतनी रकम की लगभग 650 ग्राम वजनी सोने की ज्वैलरी पैक कराकर वहां मौजूद एक शख्स को सौंप दी। वह शख्स उस ज्वैलरी को लेकर वहां से चलता बना। बाद में पता चला कि वह शख्स प्रवीण शर्मा के साथ नहीं था। इसको लेकर हंगामा हो गया। कारोबारी ने सर्राफा कारोबारी पर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पुलिस पहुंची और स्थिति को संभाला। सीसीटीवी कैमरे देख रही पुलिस
सदर बाजार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरु की। मौके से दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद शोरूम के अंदर से लेकर बाहर मुख्य मार्ग तक लगे सीसीटीवी कैमरों की लिस्ट तैयार की गई। पुलिस इन कैमरों की मदद से उस व्यक्ति की लोकेशन ढूंढने का प्रयास कर रही है जो ज्वैलरी लेकर वहां से गया है। वह शख्स किसके साथ मिला है और किसके कहने पर उसने यह काम किया, इसका खुलासा उसकी गिरफ्तारी के बाद ही होगा। गुरुवार को दिनभर मचा रहा हड़कंप
इस पूरे मामले ने सर्राफा बाजार में खलबली मचा दी है। गुरुवार सुबह मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी रघुनंदन ज्वैलर्स के समर्थन में सीओ नवीना शुक्ला से मिले। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच होनी चाहिए लेकिन उससे पहले यह जरूरी है कि जिस प्रतिष्ठान में यह वारदात हुई है, उसको सुरक्षा प्रदान की जाए। विजय आनंद अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह हंगामा किया गया, उससे यह दर्शाने का प्रयास हुआ है कि यह वारदात शोरूम संचालक से जुड़ी है। उधर, कारोबारी प्रवीण शर्मा भी सीओ से मिले और मुकदमे की मांग की। क्राइम ब्रांच दफ्तर में पूछताछ
गुरुवार को क्राइम ब्रांच को भी यह केस हेंडओवर कर दिया गया। क्राइम ब्रांच ने हिरासत में लिए दोनों युवकों से पूछताछ की। इसके बाद तन्मय अग्रवाल व दूसरे पक्ष के प्रवीण शर्मा को पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच दफ्तर बुलवा लिया। बताया जाता है कि दोनों से कई घंटे पूछताछ की गई। सख्ती भी बरती। इसके बाद शाम चार बजे दोनों को छोड़ दिया गया। पुलिस सूत्रों की मानें तो कुछ महत्वपूर्ण तथ्य पुलिस ने जुटाए हैं, जिसके आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। छह लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर
गुरुवार देर शाम छह लोगों के विरूद्ध सदर बाजार थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई। यह एफआईआर शोरूम संचालक तन्मय अग्रवाल की तहरीर पर लिखी गई है, जिसमें कृष्णा व उसके भतीजे के अलावा कारोबारी प्रवीण शर्मा, उनके मित्र पुष्पेंद्र व दो अन्य को नामजद किया गया है। सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि सर्राफा एसोसिएशन ने मुकदमे की मांग की थी। जांच उपरांत मुकदमा दर्ज किया गया है। टीमें काम कर रही हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *