भाटीया रेलवे स्टेशन का 6.42 करोड़ से व्यापक पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा

भाटीया रेलवे स्टेशन का 6.42 करोड़ से व्यापक पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा

राजकोट रेल मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कायाकल्प

यात्रियों के लिए आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्टेशन की दिशा में बड़ा कदम

राजकोट. जामनगर. पश्चिम रेलवे के राजकोट रेल मंडल की ओर से यात्रियों के सुखद और सुरक्षित सफर की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। राजकोट मंडल रेल प्रबंधक गिरिराज कुमार मीना के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के तहत 6.42 करोड़ रुपए की लागत से देवभूमि द्वारका जिले में राजकोट रेल मंडल के भाटीया रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
अब यह स्टेशन न केवल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, बल्कि अपनी नई भव्य वास्तुकला के साथ सौराष्ट्र की रेल कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई प्रदान कर रहा है। स्टेशन को पूरी तरह से दिव्यांगजन और बुजुर्ग अनुकूल बनाया गया है। विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया के विकास से स्टेशन परिसर में वाहनों की आवाजाही सुगम और व्यवस्थित होगी। स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

बुनियादी ढांचा और प्रवेश

नया स्टेशन भवन 2859.47 वर्ग फीट भूमि पर फैला आधुनिक भवन है। इसमें एल्युमिनियम कम्पोजिट पैनल (एसीपी) क्लैडिंग, प्लास्टर और टाइल्स का फिनिशिंग कार्य पूरा किया गया है। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम आवाजाही के लिए 20-20 फीट चौड़े द्वार बनाए गए हैं। स्टेशन पोर्च 1210 वर्ग फीट भूमि पर बनाया गया है, यह यात्रियों को खराब मौसम से बचाते हुए आरामदायक प्रवेश प्रदान करता है।

प्रतीक्षा और आराम क्षेत्र

1810 वर्ग फीट के बड़े कॉनकॉर्स क्षेत्र में यात्री बिना किसी भीड़भाड़ के आराम से रुक सकते हैं। 2110 वर्ग फीट का क्षेत्र जो बेहतर वेंटिलेशन और बैठने की आरामदायक व्यवस्था से लैस है। डीलक्स एसी 373 वर्ग फीट के विशाल प्रीमियम रूम में यात्री शांत वातावरण में प्रतीक्षा कर सकते हैं। प्लेटफॉर्म 1 से 3 तक 12950 वर्ग फीट का विस्तृत शेड यात्रियों को धूप और बारिश से सुरक्षा प्रदान करता है।

पार्किंग और सुलभ आवागमन

3920.15 वर्ग फीट का पार्किंग क्षेत्र अधिक वाहनों को सुव्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की सुविधा देता है। वाहनों के सुगम प्रवाह के लिए 13 फीट चौड़ी अलग पिक-अप/ड्रॉप-ऑफ लेन बनाई गई है। स्टेशन परिसर के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया के विकास से वाहनों का आवागमन व्यवस्थित और जाम-मुक्त हो सकेगा।

सुलभता और सुरक्षा

दिव्यांगजनों के लिए समर्पित पार्किंग स्लॉट, टैक्टाइल टाइल्स, साइनज और हैंड रेल जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा के लिए नए विद्युत खंभे और हाई मस्त लाइट्स लगाई गई हैं। 1140.56 वर्ग फीट का नया बाथरूम और टॉयलेट कॉम्प्लेक्स स्वच्छता और आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। प्लेटफॉर्म के फर्श में सुधार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *