मेरठ में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:पिता ने हत्या का आरोप लगाया, ससुराल पक्ष मौके से फरार

मेरठ में नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:पिता ने हत्या का आरोप लगाया, ससुराल पक्ष मौके से फरार

मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के गांव नंगला खेपड़ में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार नंगला खेपड़ निवासी विनीत पुत्र बिट्टू की शादी 3 जुलाई 2025 को मेरठ के बहसूमा कस्बे के संजय पुत्र परमा की पुत्री ऋतु से हुई थी। गुरुवार सुबह पति-पत्नी विनीत और ऋतु के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। इसके बाद विनीत घर से बाहर चला गया और उसके परिजन भी मजदूरी के लिए निकल गए। इसी दौरान नवविवाहिता ऋतु ने घर में फांसी लगा ली। विनीत और उसके परिजन जब घर लौटे तो ऋतु को फांसी पर लटका पाया। वे उसे तुरंत बहसूमा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वे शव को वापस गांव ले आए। किसी ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर जब मृतका के परिजन गांव पहुंचे, तो विनीत सहित उसके ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य घर से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता संजय पुत्र परमा ने पति, सास, ससुर, देवर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ अतिरिक्त दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *