बैतूल के गौठाना ट्रेंचिंग ग्राउंड में लीगेसी वेस्ट डंप साइट रेमीडियेशन परियोजना में हुई धांधली और लापरवाही पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने गुरुवार (19 फरवरी) को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। विधायक खंडेलवाल ने पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार ने कचरा निष्पादन का काम तय मानकों के अनुसार नहीं किया और कार्य को अधूरा छोड़ दिया। इसके बावजूद नगर पालिका के अधिकारियों ने मिलीभगत कर ठेकेदार को आवश्यकता से अधिक भुगतान कर दिया। विधायक ने इसे वित्तीय अनियमितता और जनता के साथ धोखा बताया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों से वसूली और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। बदबू से परेशान लोगों ने किया था चक्काजाम किदवई वार्ड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे उठने वाली बदबू और दूषित पानी के कारण आसपास के रहवासियों का जीना मुश्किल हो गया है और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। इसी समस्या से आक्रोशित होकर दो दिन पहले स्थानीय नागरिकों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता के पैसे से चलने वाली योजनाओं में गड़बड़ी और सेहत से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पहले भी कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारियों को जांच दल गठित करने के निर्देश दिए थे। अब उन्होंने सीधे एसीएस को पत्र लिखकर ठेकेदार और अफसरों पर सख्त एक्शन लेने को कहा है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो।


