बरेली कैंट में ‘प्लास्टिक दानव’ ने दी चेतावनी:सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ें, सीईओ डॉ. तनु जैन की मौजूदगी में सदर बाजार में रैली

बरेली छावनी परिषद की CEO डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में गुरुवार को सदर बाजार क्षेत्र में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली का मकसद शहरवासियों और व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों से आगाह करना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। रैली में सफाई अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी, सहायक सफाई निरीक्षक राजेश कुमार और स्वच्छ भारत मिशन की पूरी टीम ने हिस्सा लिया। जागरूकता रैली की कुछ खास तस्वीरें….. स्कूली बच्चों ने ‘प्लास्टिक दानव’ बनकर दी सीख
रैली का सबसे खास आकर्षण आर. एन. टैगोर स्कूल के छात्र-छात्राएं रहे। बच्चों ने न केवल हाथ में तख्तियां और स्लोगन लेकर नारे लगाए, बल्कि एक अनोखी प्रस्तुति भी दी। कुछ बच्चों ने ‘प्लास्टिक के दानव’ का रूप धरकर यह दिखाया कि कैसे प्लास्टिक हमारे पर्यावरण और स्वास्थ्य को निगल रहा है। बच्चों की इस रचनात्मक कलाकारी को स्थानीय नागरिकों ने खूब सराहा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले नन्हे सिपाही सम्मानित
रैली के समापन पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। प्लास्टिक दानव की भूमिका निभाने वाले और रैली में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। डॉ. जैन ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नई पीढ़ी का जागरूक होना सबसे जरूरी है। व्यापारियों से की प्लास्टिक मुक्त रहने की अपील
सफाई मित्रों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से निकली इस रैली के जरिए दुकानदारों और ग्राहकों को कपड़े के थैले इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। परिषद की ओर से स्पष्ट किया गया कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *