दमोह के पटेरा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार कुंडलपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। यह हादसा कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ। गनीमत रही कि दो बार पलटी खाने के बावजूद कार में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। घटना गुरुवार शाम की है। राहगीरों ने घायलों को निकाला बाहर स्थानीय लोगों ने घटना देखते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने कार को सीधा कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की गति तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कुत्ते को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, हरियाणा पासिंग यह कार पटेरा की बताई जा रही है। गुरुवार शाम कार सवार लोग पटेरा से कुंडलपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक कुत्ता सामने आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर खेत में जा पलटी। हादसे में कोई हताहत नहीं घटना की सूचना मिलने पर पटेरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में कार चालक और उसके साथी ने बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। इस संबंध में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।


