Kanpur : कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शादी समारोह में गया था पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को पीड़िता का परिवार एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। पिता बारात में गए थे, जबकि मां भी गांव में ही दूसरे घर पर आयोजित समारोह में मौजूद थीं। इस दौरान नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी।
अकेला पाकर घर में घुसा आरोपी
आरोप है कि गांव का रहने वाला विशाल रैदास (28) मौके का फायदा उठाकर घर में दाखिल हो गया और किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता को डराया-धमकाया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
कुछ दिन बाद पीड़िता के पिता महाराजपुर थाने पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पिता ने न्याय की मांग की है।
मेडिकल कराया गया, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह चोरी के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है।


