बैतूल में गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला क्षत्रिय मराठा समाज और क्षत्रिय लोणारी कुंबी समाज संगठन द्वारा शहर में अलग-अलग स्थानों पर भव्य कार्यक्रमों और रैलियों का आयोजन किया गया। दोनों संगठनों द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम और शोभायात्राएं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुकी हैं और कार्यक्रमों के जरिए समाजजनों को शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया है। क्षत्रिय मराठा समाज, बैतूल द्वारा सबसे पहले शिवाजी महाराज की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शहर का भ्रमण करते हुए बैतूल गंज स्थित राधा कृष्ण धर्मशाला पहुंची। धर्मशाला में समाज के लोगों के लिए मंचीय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अस्पताल में मरीजों को बांटे अंकुरित आहार वहीं, क्षत्रिय लोणारी कुंबी समाज संगठन ने सेवा कार्य के साथ अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की। समाज के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों को अंकुरित आहार का वितरण किया। इसके बाद छत्रपति शिवाजी सांस्कृतिक भवन से एक विशाल रैली निकाली गई। ऑडिटोरियम में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम सांस्कृतिक भवन से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शिवाजी चौक पहुंची। यहां समाजजनों ने शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद रैली का समापन ऑडिटोरियम में हुआ, जहां रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। हर पीढ़ी को लेनी चाहिए प्रेरणा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में क्षत्रिय लोणारी कुंबी समाज संगठन के जिलाध्यक्ष प्रवीण ठाकरे, नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत वागद्रे और पूर्व संगठन अध्यक्ष दिनेश महस्की विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि, “शिवाजी महाराज का जीवन पराक्रम, संगठन और स्वाभिमान की मिसाल है, जिससे हर पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।” अब देखिए तस्वीरें…


