बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कलारी में प्रेम विवाह को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया है। आरोप है कि युवती के परिजनों ने युवक के घर में घुसकर उसके परिवार को जान से मारने और गांव छोड़ने की धमकी दी है। ग्राम कलारी निवासी शिवम कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई सतीश कुमार ने गांव की ही रोशनी मौर्य से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह के बाद से ही युवती के परिजन इस रिश्ते से नाराज हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, तब से लगातार गाली-गलौज और धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि 17 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे कई लोग लाठी-डंडे, धारदार हथियार और तमंचे लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में हंगामा किया, मारपीट की और पूरे परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी। आसपास के ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि गांव में उनकी आबादी कम होने के कारण वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इज्जतनगर थाना पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने के बाद उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


