बालोतरा में श्री जैन श्वेताम्बर नाकोड़ा पार्श्वनाथ तीर्थ की प्रेरणा से आयोजित त्रि-दिवसीय निशक्तजन सहायता शिविर का समापन हो गया है। भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (जोधपुर) और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहयोग से पारस भवन में लगे इस शिविर में सैकड़ों दिव्यांगजनों को लाभ मिला। शिविर में जांच के बाद 550 से अधिक आधुनिक सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 43 कृत्रिम पैर, 55 कैलिपर्स, 96 ट्राईसाइकिल, 212 श्रवण यंत्र, 65 व्हीलचेयर और 60 बुजुर्गों के लिए बैसाखियां व अन्य उपकरण शामिल थे। शिविर के समापन अवसर पर महेंद्रजी चोपड़ा, ओमप्रकाश बाँठिया, पारसमल भंडारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। ट्रस्टी हुलासजी बाफना ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


