कन्नौज में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत विकास कार्यों के प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की। इस बैठक में कन्नौज नगर पालिका, गुरूसहायगंज नगर पालिका, समधन नगर पंचायत और तिर्वा नगर पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि कन्नौज नगर पालिका में 8 करोड़ 17 लाख 366 रुपये की धनराशि से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। बुनियादी अनुदान के तहत बाउंड्रीवाल, सीसी रोड और नाला निर्माण कार्यों के लिए पहली और दूसरी किस्त जारी करने पर सहमति बनी। वहीं, निर्दिष्ट अनुदान के अंतर्गत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वर्षा जल निकासी व्यवस्था और शव वाहन क्रय करने के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। गुरसहायगंज नगर पालिका के लिए 4 करोड़ 17 लाख 99 हजार 506 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसमें बुनियादी अनुदान के तहत बाउंड्रीवाल, सीसी रोड और नाला निर्माण कार्यों के लिए किस्त जारी करने पर सहमति बनी। निर्दिष्ट अनुदान के अंतर्गत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वर्षा जल निकासी के कार्यों को भी मंजूरी मिली। इसी क्रम में, समधन नगर पंचायत में 2 करोड़ 54 लाख 71 हजार 118 रुपये की लागत से मार्ग प्रकाश, निर्माण कार्य, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वर्षा जल निकासी संबंधी प्रस्तावों की गहन समीक्षा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई। तिर्वा नगर पंचायत के लिए 1 करोड़ 91 लाख 32 हजार 548 रुपये की धनराशि से मार्ग प्रकाश, निर्माण कार्य, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वर्षा जल निकासी संबंधी प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित किए जाएं। उन्होंने जोर दिया कि इन योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।


