फतेहाबाद में सस्पेंड एक्सईएन के समर्थन में उतरे कर्मचारी:मंत्री बेदी के कहने पर हुए निलंबित; सीवर-पानी सप्लाई ठप करने की चेतावनी

फतेहाबाद में सस्पेंड एक्सईएन के समर्थन में उतरे कर्मचारी:मंत्री बेदी के कहने पर हुए निलंबित; सीवर-पानी सप्लाई ठप करने की चेतावनी

फतेहाबाद में पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) बलविंद्र नैन के सस्पेंशन के खिलाफ रोष जताया। कर्मचारियों ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक्सईएन का सस्पेंशन रद्द करके उनकी बहाली नहीं की तो शहर की सीवर और पेयजल व्यवस्था ठप कर देंगे। बता दें कि, बुधवार को मंत्री कृष्ण बेदी की अनुशंसा पर एक्सईएन बलविंद्र नैन को सस्पेंड कर दिया गया था। आरोप है कि रात के समय मंत्री के पीए ने फोन किया था। फोन काफी देर बिजी था। जब पीए ने बात की तो एक्सईएन ने कह दिया कि इतनी रात की बजाय सुबह फोन कर लेते। इसी बात पर एक्सईएन का सस्पेंशन हो गया। एक्सईएन पर की गई कार्रवाई उचित नहीं-यूनियन हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्लयूडी कर्मचारी यूनियन के नेता धर्मपाल दरियापुर ने कहा कि मंत्री के पीए ने रात को 10 बजे फोन किया। पीए ने कहा कि फोन अटैंड क्यों नहीं किया। हालांकि, एक्सईएन ने बाद में रिप्लाई भी किया। मगर उनकी बात सुने बिना ही उनको सस्पेंड कर दिया गया। उनके खिलाफ की गई कार्रवाई अन्यायपूर्ण है। कर्मचारी नेता ने आरोप लगाया कि सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों को दबाकर रखने की कोशिश कर रही है। यदि जल्द ही सस्पेंशन आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। पहले धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और उसके बाद भी मांग नहीं मानी गई तो शहर व जिले की सीवर-पानी व्यवस्था ठप कर देंगे। यह था पूरा मामला दरअसल, मंगलवार रात को सिरसा पहुंचे कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के सामने सिरसा शहर के पार्षद राजन शर्मा ने पेयजल संबंधी शिकायत रखी थी। उन्होंने कहा था कि पाइप लाइन का टेंडर हो चुका है। मगर काम शुरू नहीं हो रहा है। इस पर मंत्री के कहने पर पीए ने फोन मिलाया, लेकिन एक्सईएन बलविंद्र नैन ने कॉल अटैंड नहीं की। इस बात पर मंत्री नाराज हो गए और उन्होंने एक्सईएन को सस्पेंड करने की अनुशंसा कर दी। एक्सईएन बलविंद्र नैन के पास सिरसा का अतिरिक्त कार्यभार था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *