ब्रेकर पर उछला ट्रैक्टर बना काल, मायके से लौट रही महिला और मासूम की दर्दनाक मौत

ब्रेकर पर उछला ट्रैक्टर बना काल, मायके से लौट रही महिला और मासूम की दर्दनाक मौत

चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के भैसौधा व बंशीपुर के पास एक हादसे में ट्रैक्टर से गिरकर महिला और उसकी मासूम भतीजी की मौत हो गई। बताया गया कि माइनर के पास बने ब्रेकर पर ट्रैक्टर के अचानक उछलने से दोनों नीचे गिर पड़ीं, जिसके बाद ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मायके से जा रही थी ससुराल –

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शबीना (30) के रूप में हुई है, जबकि बच्ची दो वर्षीय सोफिया उर्फ सना थी। शबीना अपने मायके से ससुराल जा रही थी। घटना के समय वह गुलाब अली के साथ ट्रैक्टर पर सवार थी। गुलाब अली निवासी कुमेढ़ा सानी गांव, थाना कमासिन, बांदा ने बताया कि वह दो दिन पहले निमंत्रण में शामिल होने निबुहा पुरवा आया था, जहां से वह भाभी के मायके गोबारिया गया था। दोपहर में शबीना, उसकी भतीजी और भैसौधा निवासी भांजे इमामउद्दीन के साथ भैसौधा जाने के लिए निकले थे।

ब्रेकर पर उछल गया था ट्रैक्टर –

गांव से कुछ दूरी पर माइनर के पास बने ब्रेकर पर ट्रैक्टर उछल गया। इसी दौरान मासूम गिरने लगी, जिसे बचाने के प्रयास में शबीना भी नीचे गिर गई। दोनों के गिरते ही ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।वही घटना की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए।

क्या बोले थाना प्रभारी –

भरतकूप थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, अभी कोई भी तहरीर प्राप्त नहीं है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *