Ozempic Side Effects: आजकल वजन कम करने के लिए एक दवा काफी चर्चा में है। जिसे पहले टाइप 2 डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए बनाया गया था, लेकिन अब बहुत से लोग इसे वजन घटाने के लिए भी इस्तेमाल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसके रिजल्ट देखकर लोगों की दिलचस्पी और भी बढ़ गई है। हाल ही में हुई एक जर्नल ऑफ मेडिकल इंटरनेट रिसर्च में सामने आया है कि कई लोग इसके साइड इफेक्ट्स होने के बावजूद भी इसे लेना जारी रखना चाहते हैं, क्योंकि उन्हें वजन कम होने का फायदा ज्यादा महत्वपूर्ण लगता है।
दवा कैसे काम करती है?
यह दवा शरीर में एक ऐसे हार्मोन जैसा असर करती है जो ब्लड शुगर और भूख को कंट्रोल करता है। इससे शरीर में तीन बड़े बदलाव होते हैं-
खाने के बाद ब्लड शुगर कंट्रोल रहता है
पेट देर तक भरा हुआ महसूस होता है
भूख और खाने की इच्छा कम हो जाती है
यही वजह है कि लोग कम खाते हैं और वजन धीरे-धीरे कम होने लगता है।
स्टडी में क्या पता चला?
रिसर्चर्स ने लोगों के असली अनुभव समझने के लिए ऑनलाइन मरीजों के रिव्यू पढ़े। उन्होंने देखा कि अगर लोगों को अच्छा वजन कम होता दिखा या खाने की क्रेविंग कम हुई, तो वे साइड इफेक्ट्स को सहने के लिए भी तैयार थे। करीब 67% लोगों ने बताया कि उनकी भूख काफी कम हो गई। कई लोगों ने कहा कि मीठा या तला-भुना खाने की इच्छा लगभग खत्म हो गई। इससे उन्हें कम खाना आसान लगा। हालांकि कुछ लोगों को साइड इफेक्ट्स भी हुए, लेकिन अगर वजन कम हो रहा था तो ज्यादातर लोग दवा जारी रखना चाहते थे। जिन लोगों को ज्यादा फायदा नहीं मिला या अलग तरह की परेशानी हुई, उन्होंने दवा बंद करने का फैसला किया।
आम साइड इफेक्ट्स क्या हैं?
कई लोगों को पेट से जुड़ी समस्याएं ज्यादा देखने को मिलीं, जैसे मिचली या उल्टी, दस्त, पेट दर्द, कब्ज, थकान कुछ कम मामलों में गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं, जैसे अग्न्याशय की सूजन, किडनी से जुड़ी परेशानी या एलर्जी।
क्या सिर्फ दवा से वजन कम हो जाएगा?
डॉक्टरों का कहना है कि वजन कम करने के लिए सिर्फ दवा पर निर्भर रहना सही नहीं है। सही डाइट, नियमित एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल भी उतने ही जरूरी हैं। दवा सिर्फ एक मदद का तरीका हो सकती है, पूरा समाधान नहीं।
शुरू करने से पहले क्या करें?
अगर आपको डायबिटीज के लिए यह दवा डॉक्टर ने दी है, तो उनकी सलाह जरूर मानें। लेकिन अगर सिर्फ वजन घटाने के लिए लेने की सोच रहे हैं, तो पहले डॉक्टर से जरूर बात करें। हर व्यक्ति की बॉडी अलग होती है, इसलिए बिना सलाह दवा लेना जोखिम भरा हो सकता है।
सबसे जरूरी बात
वजन कम करना अच्छी बात है, लेकिन सेहत सबसे पहले आती है। किसी भी दवा का इस्तेमाल समझदारी से और डॉक्टर की सलाह से ही करें, तभी सही और सुरक्षित रिजल्ट मिलेंगे।


