Jaipur Metro : जयपुर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को लेकर सरकार ने संकेत दिए हैं कि जलमहल और कानोता तक मेट्रो पहुंचाने की संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के सवाल पर सरकार ने स्पष्ट किया कि यातायात सलाहकार स्तर पर संभावित मेट्रो मार्ग व अन्य जरूरत का विस्तृत आकलन हो रहा है। फिजिबिलिटी मिलने पर डीपीआर तैयार कराई जाएगी।
सरकार के इस जवाब से मेट्रो नेटवर्क के भविष्य के विस्तार को लेकर उम्मीदें जगी हैं। टीकाराम जूली ने बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक होते हुए जलमहल तक और ट्रांसपोर्ट नगर से कानोता तक मेट्रो विस्तार को लेकर तारांकित प्रश्न पूछा था।
फेज-2 को केंद्र से हरी झंडी की प्रक्रिया तेज
मेट्रो फेज-2 को लेकर सरकार ने बताया कि इस फेज में प्रल्हादपुरा, सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र से अंबाबाड़ी, टोडी मोड तक मेट्रो रूट प्रस्तावित है। इस चरण की डीपीआर को आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
केंद्र स्तर पर परियोजना को मंजूरी देने से पहले यूएटी, ऑन-साइट मूल्यांकन और एनपीजी जैसी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। परियोजना को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड की भी मंजूरी मिल चुकी है। अब मंत्रालय की ओर से केन्द्रीय कैबिनेट से स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है।


