शिक्षा मंत्री को आत्मानंद स्कूल के शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन, शासकीयकरण की मांग रखी

शिक्षा मंत्री को आत्मानंद स्कूल के शिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन, शासकीयकरण की मांग रखी

भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिले के एक दिवसीय प्रवास पर आए प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। संगठन के जिला अध्यक्ष गोपाल दत्त उरमलिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को 12 मांगों का ज्ञापन सौंपकर भविष्य को सुरक्षित करने की गुहार लगाई। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा। इसमें संविदा पर कार्यरत शैक्षणिक स्टाफ को सरकारी सेवा में शामिल करने, कर्मचारियों को सेवा समाप्ति के डर से मुक्त कर स्थायित्व प्रदान करने महंगाई के दौर में एकमुश्त वेतन के बजाय भत्तों को जोड़ने की मांग, शामिल है। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को अवगत कराया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय इन विद्यालयों में शिक्षकों और अन्य स्टाफ की भर्ती एकमुश्त संविदा वेतन पर की गई थी। कई वर्षों से कार्यरत होने के बावजूद उनके वेतन में किसी प्रकार का महंगाई भत्ता या अन्य लाभ नहीं जोड़ा गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में केवल नियत वेतन पर परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है। जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त उरमलिया ने जोर देकर कहा कि यदि शासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेता है, तो इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *