कारोबारी को मृत बताकर कॉमर्शियल प्लॉट का बनाया फर्जी बैनामा:ग्वालियर के ट्रांसपोर्ट नगर में ₹62 लाख का प्लॉट किया अपने नाम, 6 पर FIR

कारोबारी को मृत बताकर कॉमर्शियल प्लॉट का बनाया फर्जी बैनामा:ग्वालियर के ट्रांसपोर्ट नगर में ₹62 लाख का प्लॉट किया अपने नाम, 6 पर FIR

ग्वालियर में एक फैक्ट्री संचालक का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर उसे मृत साबित करने और उसके 62 लाख रुपए के प्लॉट का फर्जी बैनामा बनाकर अपने नाम कराने का मामला सामने आया है। घटना 11 अप्रैल 2014 से अब तक के बीच की बताई जा रही है। कारोबारी हरियाणा में अपनी बेटी के पास रहता है। उसके दो बच्चे विदेश में हैं। ग्वालियर आना-जाना कम होने के कारण धोखेबाजों की नजर उसकी जमीन पर थी। हाल ही में जब कारोबारी ने उस प्लॉट का सौदा करने के लिए बातचीत की, तब धोखाधड़ी का पता चला। इसके बाद कारोबारी ने ग्वालियर एसएसपी से शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने एक दंपती समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है। बता दें कि हरियाणा के गुड़गांव (गुरुग्राम) स्थित यूनिटेक बिल्डिंग, टॉवर ए-10 निवासी प्रेम कुमार ओवराय एक कारोबारी हैं। एक दशक पहले तक वे ग्वालियर के ए-1 गांधी नगर में अपनी पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहते थे। इंडस्ट्रियल एरिया बिरला नगर में उनकी “यूनिवर्सल ऑटो” नाम से ऑटो पार्ट्स की फैक्ट्री थी, जिसमें एस्कॉर्ट्स कंपनी की राजदूत के ओरिजिनल पार्ट्स बनाकर सप्लाई किए जाते थे। उनका एक प्लॉट ए-1, 23 ट्रांसपोर्ट नगर, न्यू दाल बाजार और नवीन लोहा मंडी, यातायात नगर क्षेत्र में स्थित है, जिसकी वर्तमान कीमत करीब 62 लाख 10 हजार रुपए है। इस प्लॉट पर सुभाषचंद्र खुशीरमानी की नजर पड़ गई। सुभाषचंद्र ने फर्जी वसीयत और कूटरचित वसीयतनामा तैयार कर लिया, जिसे नोटरी गोविंद भारद्वाज से संपादित कराया गया। आरोप है कि उस दस्तावेज पर प्रेम कुमार ओवराय का फोटो लगाकर उसे अटेस्टेड करा लिया गया और उनके हस्ताक्षर भी फर्जी तरीके से किए गए। 11 अप्रैल 2014 को प्रेम कुमार ओवराय ग्वालियर आए ही नहीं थे, जबकि उसी दिन उनके कथित हस्ताक्षर से वसीयतनामा तैयार कर लिया गया। मृत बताकर फर्जी बैनामा बनाकर हड़पी जमीन
उक्त वसीयतनामे पर सुभाष खुशीरमानी पुत्र लक्ष्मीचन्द खुशीरमानी द्वारा हरीश कुमार पुत्र कमलराम निकासी सिकन्दर कम्पू लश्कर एवं हरीश कुमार पुत्र राधाकृष्ण निवासी तारागंज द्वारा एक राय होकर व सम्पत्ति हड़पने की नियत से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। नगर निगम ग्वालियर से कारोबारी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी तैयार करवा लिया गया। जिसके आधार पर बैनामा बनवाकर जमीन अपने नाम करवा ली। जब प्रेमकुमार को पता चला तो विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर एफआईआर कराई। इन छह लोगों पर दर्ज हुआ मामला
फरियादी कारोबारी प्रेम कुमार ओवराय की शिकायत पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपी सुभाषचन्द खुशीरमानी, उसकी पत्नी शकुन्तला खुशीरमानी, अन्य साथी हरीश कुमार पुत्र शिमातरम निवासी सिंकदर कम्पू लश्कर, हरीश कुमार पुत्र राधाकिशन निवासी तारागंज लश्कर, जगदीश कुशवाह पुत्र रामस्वरूप कुशवाह, योगेश पाल पुत्र हरनारायण पाल पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर एक व्यक्ति को मृत बताकर उसकी जमीन अपने नाम कराने का मामला सामने आया है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *