ग्वालियर में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे महाराजपुरा थाना क्षेत्र के गिरगांव में पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार हुए आरोपियों पर बुधवार को एसपी धर्मवीर सिंह यादव ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों और उन्हें शरण देने वाले करीबियों के घरों पर दबिश दे रही है। घटना के समय किसान डालचंद गुर्जर अपने भाई राजवीर के साथ खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान आधा दर्जन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए हमला कर दिया। फायरिंग में एक गोली किसान डालचंद के सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भाई राजवीर और अन्य लोगों ने गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। घटना में 6 नामजद आरोपी पुलिस ने इस मामले में छह नामजद आरोपी बनाए हैं। जिसमें से एक आरोपी सोनू उर्फ योगेंद्र गुर्जर पुराना शातिर बदमाश है और उसके ऊपर पहले ही साल 2019 में कई आपराधिक मामले महाराजपुरा थाने में दर्ज हैं। पुलिस ने सोनू के अलावा घटना में शामिल लल्ला उर्फ बंटी, बबलू गुर्जर, सुमंत गुर्जर, दीपू, रामसेवक पर भी हत्या का केस दर्ज किया है। बता दें कि आरोपियों ने मृतक किसान डालचंद गुर्जर की हत्या करने से पहले उससे और उसके भाई राजवीर से झगड़ा किया था, फिर इसके बाद दनादन फायरिंग शुरु कर दी थी। सभी हमलावरों ने दो दर्जन से अधिक गोलियां चलाई थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को कई कारतूस भी घटना स्थल से मिले थे, घटना से 15 से 20 दिन पहले ही आरोपियों का मृतक और उसके अन्य भाइयों से झगड़ा करते हुए मारपीट कर दी थी जिसकी शिकायत पीड़ित ने महाराजपुरा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस की तीन टीमें है अभी एक्टिव सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपियों की तलाश में तीन टीमें घटना के बाद से लगातार उनके ठिकानों पर छापे मारी कर रही है। ग्वालियर सहित आसपास के जिलों में जहां-जहां भी इनकी रिश्तेदारी है वो कुंडली पुलिस के हाथ में है और इन सभी ठिकानों पर पुलिस पहुंच चुकी है। आरोपी अभी हाथ नहीं लगे हैं। लेकिन, इन सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


